जब बिहार की धरती ने राष्ट्रीय राजनीति में इतिहास रचा, मिथिला की सांस्कृतिक परंपराओं के साथ दिल्ली में हुआ नेतृत्व का अभिषेक, नितिन नबीन बने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, संगठन को नई दिशा और देश को नया राजनीतिक संदेश : संजय सरावगी

भारतीय जनता पार्टी और बिहार की राजनीति के इतिहास में मंगलवार का दिन एक ऐसे स्वर्णिम क्षण के रूप में दर्ज हो गया, जिसने प्रदेश को राष्ट्रीय राजनीति के केंद्र में लाकर खड़ा कर दिया। नई दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित भव्य समारोह में नितिन नबीन ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया. पढ़े पूरी खबर.....

जब बिहार की धरती ने राष्ट्रीय राजनीति में इतिहास रचा, मिथिला की सांस्कृतिक परंपराओं के साथ दिल्ली में हुआ नेतृत्व का अभिषेक, नितिन नबीन बने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, संगठन को नई दिशा और देश को नया राजनीतिक संदेश : संजय सरावगी
जब बिहार की धरती ने राष्ट्रीय राजनीति में इतिहास रचा, मिथिला की सांस्कृतिक परंपराओं के साथ दिल्ली में हुआ नेतृत्व का अभिषेक, नितिन नबीन बने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, संगठन को नई दिशा और देश को नया राजनीतिक संदेश : संजय सरावगी

दरभंगा। भारतीय जनता पार्टी और बिहार की राजनीति के इतिहास में मंगलवार का दिन एक ऐसे स्वर्णिम क्षण के रूप में दर्ज हो गया, जिसने प्रदेश को राष्ट्रीय राजनीति के केंद्र में लाकर खड़ा कर दिया। नई दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित भव्य समारोह में नितिन नबीन ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। यह अवसर न केवल संगठन के लिए, बल्कि पूरे बिहार के लिए गर्व, सम्मान और आत्मविश्वास से भरा हुआ रहा।

इस ऐतिहासिक समारोह में बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह नगर विधायक संजय सरावगी की उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। उन्होंने नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन का पारंपरिक और आत्मीय स्वागत किया। मिथिला की सांस्कृतिक परंपराओं के अनुरूप मखाना-माला पहनाकर उन्होंने अभिनंदन किया और स्मृति-चिह्न के रूप में रामलला के दरबार का प्रतीकात्मक स्वरूप भेंट कर शुभकामनाएँ दीं। यह क्षण बिहार की सांस्कृतिक गरिमा और राजनीतिक उपलब्धि का अनूठा संगम बन गया।

प्रदेश अध्यक्ष सरावगी ने इस अवसर पर शीर्ष नेतृत्व के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि यह दिन बिहार के लिए केवल राजनीतिक उपलब्धि नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पहली बार बिहार की धरती से निकले किसी नेता को विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी की सर्वोच्च जिम्मेदारी मिली है, जो पूरे प्रदेश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है।उन्होंने कहा कि नितिन नबीन का नेतृत्व भारतीय जनता पार्टी में एक नए युग की शुरुआत का संकेत है। उनका व्यक्तित्व सौम्यता, शालीनता और दृढ़ निर्णय क्षमता का संतुलित उदाहरण है। वे न केवल मृदुभाषी और सहज हैं, बल्कि संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत परिपक्व और दूरदर्शी भी हैं। एक युवा नेतृत्वकर्ता के रूप में उन्होंने हमेशा कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने की राजनीति को प्राथमिकता दी है।

सरावगी ने नितिन नबीन के संगठनात्मक अनुभव पर प्रकाश डालते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ जैसे चुनौतीपूर्ण राज्य में प्रभारी की भूमिका निभाते हुए उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत किया। वहाँ उनका कार्य केवल राजनीतिक विस्तार तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रशासनिक समन्वय, कार्यकर्ता संवाद और सांगठनिक अनुशासन के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय रहा। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें लगभग बीस वर्षों तक श्री नितिन नबीन के साथ संगठनात्मक कार्य करने का अवसर मिला है। विधायक से लेकर मंत्री पद तक, हर भूमिका में श्री नितिन नबीन का कार्य व्यवहारिक, पारदर्शी और प्रेरणादायी रहा है। उनका नेतृत्व सदैव अनुकरणीय रहा है और कार्यकर्ताओं में विश्वास पैदा करने वाला रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में और नितिन नबीन के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी संगठनात्मक मजबूती के साथ निरंतर नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की पहचान अनुशासन, प्रतिबद्धता और कार्यकर्ता सम्मान की संस्कृति से बनी है, और यही मूल्य पार्टी को अन्य राजनीतिक दलों से अलग करते हैं। उन्होंने परोक्ष रूप से विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जहाँ कुछ दल युवाओं के नाम पर केवल राजनीतिक भाषणबाजी करते हैं, वहीं भारतीय जनता पार्टी ने मात्र 45 वर्ष के एक कर्मठ, ऊर्जावान और सक्षम नेतृत्वकर्ता को देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी की कमान सौंपकर वास्तविक राजनीतिक साहस और विश्वास का परिचय दिया है।

                                          Advertisement

संजय सरावगी ने कहा कि आज बिहार की धरती केवल उत्सव नहीं मना रही, बल्कि अपने सामर्थ्य और योगदान को राष्ट्रीय मंच पर स्थापित होते देख गर्व से अभिभूत है। देशभर में भाजपा के लाखों कार्यकर्ता अपने युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष के सम्मान में उल्लास के साथ इस ऐतिहासिक क्षण का स्वागत कर रहे हैं। यह दृश्य न केवल संगठन की शक्ति का प्रतीक है, बल्कि आने वाले समय में पार्टी की नई दिशा और गति का भी संकेत देता है।